uttarkhand

स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 पर्यावरण मित्र सम्मानित

-केंद्रीय संचार ब्यूरो ने नगर निगम में आयोजित किया स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत सम्मान समारोह

-स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सराहने के साथ स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता पर दिया जोर

-नगर निगम आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

देहरादून। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय देहरादून की ओर से देशव्यापी स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत नगर निगम परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के 10 पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार खैरवाल और सचिव धीरज भारती उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित इस पहल के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और योगदान को सम्मान देने के साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वच्छता की संस्कृति विकसित करने और दैनिक जीवन में साफ-सफाई की आदतों को अपनाने का संदेश भी दिया गया।

समारोह में विकास (वार्ड 86, सेवलाकला), ऋषिपाल (वार्ड 12, किशननगर), रामचंद्र (वार्ड 87, पित्थूवाला), सुशील, रेनू एवं प्रवीण (वार्ड 21, एमकेपी), अनिल एवं सुरेश (वार्ड 10, डोभालवाला), अजय (वार्ड 11, विजय कॉलोनी) तथा रामदास (वार्ड 89, मेहूंवाला) को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button