uttarkhand

रोहित नेगी की हत्या के दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार,पैर में लगी तीन गोलियां

देहरादून पुलिस ने भाजपा नेता रोहित नेगी की हत्या के दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अजहर त्यागी और उसके साथी को उत्तर प्रदेश के पुरकाजी में घेराबंदी करके पकड़ा गया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की। गोली लगने से घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित नेगी की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव था।

इसी दौरान गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अजहर त्यागी व हत्या में शामिल उसका दोस्त उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर और उत्तराखंड के हरिद्वार-रुड़की स्थित मंगलौर की सीमा के पास हैं। तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकना चाहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपित प्रधान पट्टी, बरला थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर अजहर त्यागी के दोनों पांव व एक हाथ में गोली लगी, जबकि उसके साथी शामली निवासी आयुष कुमार उर्फ सिकंदर के दोनों घुटनों पर गोली लगी है।दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित अपने घर का इकलौता चिराग था।

सोमवार रात सेलाकुई के तिलवाड़ी निवासी रोहित नेगी, उसका दोस्त अभिषेक बर्तवाल, निशांत खर्कवाल, पीयूष बिष्ट, आयुष, आयुष की महिला मित्र आन्या खान व तरुण हांडा एक पार्टी में थे। यह पार्टी आन्या खान ने तरुण के बड़ोवाला स्थित घर पर उसकी इंटर्नशिप पूरी होने पर रखी थी। इसी दौरान आन्या खान के पुराने मित्र अजहर त्यागी ने आन्या को फोन किया और अपशब्द कहने शुरू कर दिए। फोन स्पीकर पर होने के चलते अजहर की गाली-गलौच सबने सुनीं। इसका विरोध करते हुए रोहित नेगी ने फोन पर ही अजहर से आन्या को बेवजह परेशान करने का कारण पूछा तो आरोपित ने उसे देख लेने की धमकी दी और डीबीआइटी चौक पर आने को कहा।

रात करीब डेढ़ बजे अभिषेक अपनी बोलेरो लेकर डीबीआइटी चौक पर पहुंचा। बोलेरो में रोहित नेगी के अलावा उसका दोस्त अभिषेक, निशांत व पीयूष भी बैठे थे, जबकि आन्या, आयुष व तरुण पीछे दूसरी कार में आ रहे थे। डीबीआइटी चौक पर बाइक पर दो युवक पहले ही खड़े थे, जिन्हें रोहित नेगी की बगल वाली सीट पर बैठे अभिषेक ने पहचान लिया। रोहित ने तिलवाड़ी के लिए वाहन मोड़ा तो आरोपित अजहर ने आगे के शीशे से सटाकर रोहित नेगी पर फायर झोंक दिया। गोली रोहित नेगी के गले में लगी, उसे ग्राफिक ऐरा अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। 

घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और आरोपितों की जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठने लगी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के बारे में सुराग जुटाते हुए गुरुवार रात को दोनों को मुजफ्फनगर-मंगलौर सीमा पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पहले गुरकुल नारसन अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रेफर किया गया है। एसएसपी अजय सिंह खुद पूरे आपरेशन की कमान संभाले रहे।

Related Articles

Back to top button