uttarkhand

अमित शाह के दौरे से पहले हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को देहरादून पहुंचने से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। वीवीआइपी के आने-जाने वाले रास्तों से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर घेराबंदी की जा रही है।

पुलिस ने वीवीआइपी रूट के आसपास स्थित ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच की जाएगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर भी रोक लगा दी गई है।

पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान जवानों को बताया गया कि उन्हें अपनी ड्यूटी शुरू होने से तीन घंटे पहले निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा। तैनाती स्थल पर पहुंचने के बाद आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखनी होगी।

ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों के पास पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड होना जरूरी होगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति ड्यूटी स्थल छोड़ने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों और वाहनों को जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। अमित शाह से मिलने के लिए पहुंचने वाले व्यक्तियों की भी सुरक्षा जांच की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पहले से निर्धारित लोगों को एंटी सबोटाज जांच से गुजरना होगा। वहीं, प्रवेश और निकास द्वारों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी के जरिए जांच की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को उनके निर्धारित स्थानों तक जाने दिया जाएगा।

कार्यक्रम खत्म होने पर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने के लिए भी पुलिस ने योजना बनाई है। इसके तहत लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से ध्यान रखने को कहा गया है कि निकासी के दौरान भीड़ एकत्र न हो और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

दूसरी ओर, शहर के होटल, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। इन स्थानों पर बाहरी लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने सभी जवानों को सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा ब्रीफिंग में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, आईजी नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button