Encounter

देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो बदमाश घायल,पुलिस की गाड़ी पर भी की फायरिंग

देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ 

फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो बदमाश घायल, पुलिस की गाड़ी पर भी की फायरिंग

पटेलनगर के नयागांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दो पिस्टल और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद; दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

देहरादून:राजधानी देहरादून में देर रात अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार पुलिस को चकमा देकर भागने लगे।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने बुडपुर की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की गोली पुलिस वाहन पर लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगने की जानकारी सामने आई है।

तत्काल अस्पताल पहुंचाए गए घायल बदमाश

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों के उपचार एवं घटना से संबंधित जानकारी ली। घायलों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।

पटेलनगर से विकासनगर तक नकबजनी की घटनाओं में संलिप्तता का दावा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कथित तौर पर आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे।

दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई बार हरिद्वार जेल भी जा चुके हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी समीम पुत्र इलियास निवासी रुड़की, हरिद्वार के विरुद्ध एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, हरिद्वार के विरुद्ध भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

दो पिस्टल और कारतूस बरामद, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, पूर्व में दर्ज मुकदमों और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

दून पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस अभियान जारी है। अब इस मामले में आगे की जांच और बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच से कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button